सेवा में,
श्रीमान उप-निबंधक,
फर्म्स, सोसायटीज एवं चिट्स,
कुमाऊँ मण्डल, हल्द्वानी (उत्तराखण्ड)
विषय: अमलतास विलाज सोसायटी, लामाचौड़, हल्द्वानी में मेंटेनेंस शुल्क वृद्धि पर आपके तत्वाधान में विधिवत वोटिंग कराये जाने तथा वृद्धि पर रोक लगाने हेतु प्रार्थना पत्र।
महोदय,
सविनय निवेदन है कि हम अमलतास विलाज सोसायटी, लामाचौड़, हल्द्वानी के पंजीकृत सदस्य हैं। हमारी सोसायटी में 100 से अधिक पंजीकृत सदस्य हैं। प्रबन्ध समिति द्वारा सूचित किया गया है कि 1 सितम्बर 2026 से मेंटेनेंस शुल्क में वृद्धि की जा रही है।
इस सम्बन्ध में दिनांक 09 अगस्त 2026 को आम बैठक बुलाई गयी थी, किन्तु उक्त बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से विधिवत पास नहीं हुआ था। किसी भी प्रस्ताव को पास करने हेतु आवश्यक कोरम का पूरा होना जरूरी है, जो उस बैठक में नहीं था। केवल उपस्थिति दर्ज हो जाने से प्रस्ताव पारित नहीं माना जा सकता। बैठक की मूल कार्यवाही पर प्रत्येक सदस्य के हस्ताक्षर, सहमति या असहमति के साथ, होना आवश्यक है, जबकि प्रबन्ध समिति ने उपस्थिति रजिस्टर को ही मिनिट्स पर सहमति मान लिया है।
हमने दिनांक 30/08/2026 को अध्यक्ष/सचिव को लिखित आपत्ति पत्र दिया था, जिसकी प्राप्ति पर हस्ताक्षर भी लिये गये हैं, परन्तु आज तक उस पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
अतः आपसे विनम्र अनुरोध है कि इस विषय पर पुनः विचार हेतु आपके तत्वाधान में बैठक आहूत कर विधि-सम्मत तरीके से वोटिंग करायी जाये और यह स्पष्ट किया जाये कि इस बढ़ोतरी का प्रयोजन क्या है। जब तक ऐसी विधिवत वोटिंग नहीं होती, तब तक 1 सितम्बर 2026 से लागू की जा रही वृद्धि पर रोक लगायी जाये।
भवदीय,
सदस्यगण,
अमलतास विलाज सोसायटी
दिनांक: 03/09/2026
संलग्नक: दिनांक 30/08/2026 का पत्र
Against the increase in maintenance charges without proper approval of maximum residents.